रांची
मौलाना आजाद की 134वीं जयंती के मौके पर हज हाउस, रांची में शैक्षिक और सांस्कृतिक मेले का आयोजन किया गया। यह आयोजन मौलाना आजाद ह्यूमेन इनिशिएटिव ‘माही’ की ओऱ से किया गया। मंच का संचालन ज़िकरा और काशिफ़ा ने किया। वहीं, अध्यक्षता माही के संयोजक इबरार अहमद ने की। मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। साथ ही कार्यक्रम में जेएमएम के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य, कांग्रेस नेता अजय नाथ शाहदेव, महावीर मंडल के जय सिंह यादव, बौद्धिष्ट महासभा के जैनेन्द्र कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता जय शंकर चौधरी, सुल्तान ज़ुबैर मौजूद रहे।

पद्मश्री मधु मंसूरी ने लोक गीतों से उत्साह का संचार किया
मौके पर पद्मश्री मधु मंसूरी ने अपने लोक गीतों से उत्साह का संचार किया। मुख्य अतिथि सुबोधकांत सहाय ने अपने संबोधन में कहा कि मौलाना आजाद स्वतंत्रता आंदोलन के एक मजबूत स्तंभ थे। भारत की आजादी में उनके योगदान को भुलाया नही जा सकता। वह आधुनिक शिक्षा के पितामह थे। झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि माही ने कम संसाधनों में जो काम किया है, उसकी कोई दूसरी नज़ीर नही है। शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मेला का आयोजन प्रतिभाओं को निखारने के काम करेगा। बच्चों में जोश व उत्साह, कुछ करने के प्रति जुनून पैदा करता है। इस तरह का आयोजन समाज को प्रेरित करता है।

माही संस्था का उद्देश्य बताया
वहीं, अध्यक्षीय भाषण में माही के संयोजक इबरार अहमद ने कहा कि माही का लक्ष्य समाज के वंचित बच्चों को स्कूलों से जोड़ना, उनकी प्रतिभाओं को निखारना, संवारना और शिक्षा के प्रति दिलचस्पी पैदा करना है। माही ने सैकड़ों बच्चों के लिए तमाम संसाधन जुटाने का संकल्प लिया है। ताकि शिक्षा प्राप्त करने में कोई गतिरोध पैदा न हो। माही मौलाना आजाद के वैचारिक विरासत का अमीन है। हम इस बात के पक्षधर हैं कि बहुसांस्कृतिक समाज प्रतिष्ठा के साथ जीने के लिए समाज एवं राष्ट्र को सकारात्मक योगदान अनिवार्य तत्व है।

40 स्कूलों के 700 बच्चों ने भाग लिया
बता दें कि माही के शैक्षिक और सांस्कृतिक में लगभग 40 स्कूलों के 700 बच्चों ने भाग लिया। कई स्कूलों की बच्चियों ने अपने सांस्कृतिक प्रदर्शन से लोगों का मन मोह लिया। कई कार्यक्रम ने लोगों को रुलाया भी और राष्ट्रीयता का संचार किया। मेहमानों ने प्रदर्शनी को लाजवाब बताया और कहा कि यह पूरे प्रदेश को प्रेरित करेगा। जुनैद अनवर और प्रवक्ता मुस्तक़ीम आलम ने अतिथियों को स्वागत किया।
